घर की याद -अभ्यास। 11वीं

प्रश्न -1 पानी के रातभर गिरने और प्राण-मन के घिरने में परस्पर क्या संबंध है? 

 उत्तर- रातभर पानी के गिरने और प्राण-मन के घिरने में अत्यंत गहरा संबंध है। वर्षा की बूँदें गिरते ही मन उल्लासित हो जाता है। उसी समय वियोगावस्था में अपनों से मिलने की इच्छा भी अधिक जागृत होती है। वर्षा के समय सुहावने मौसम में अपने घर के सदस्यों की याद तीव्र हो जाती है। अपने बहन-भाइयों के साथ पानी में खेलना-कूदना नहाना कवि को जेल में बैठे-बैठे याद आ जाता है। इसी कारण उसके मन-प्राण व्याकुल हो गए। इस प्रकार रातभर पानी गिरता रहा और घर एवं परिवार की यादें कवि के प्राण-मन में छाई रहीं। 

 प्रश्न -2 मायके आई बहन के लिए कवि ने घर को 'परिताप का घर' क्यों कहा है? 
 उत्तर- कवि ने घर को 'परिताप का घर' इसलिए कहा है, क्योंकि जब लड़कियाँ मायके में आती हैं, तो उनका मन अपने परिवार के सदस्यों को देखकर खिल उठता है। कवि की बहन जब मायके आई तो उसके लिए दुःख की बात यह थी कि उसका एक भाई (कवि) जेल में बंद था, जिस कारण घर में खुशी के वातावरण की जगह शोक की लहर थी। बहन ने जब अपने भाई को घर में नहीं पाया, तो उसके लिए वही घर 'परिताप का घर' बन गया। 

 प्रश्न -3 पिता के व्यक्तित्व की किन विशेषताओं को उकेरा गया है? 

उत्तर - कविता में कवि के पिता की निम्नलिखित विशेषताओं को बताया गया है (i) कवि के पिता स्वस्थ एवं बलिष्ठ शरीर वाले व्यक्ति थे, वे नित्य व्यायाम करते थे। (ii) अधिक उम्र होने पर भी उन पर बुढ़ापे का कोई प्रभाव नहीं था। (ii) वे इस उम्र में भी दौड़ लगाते थे। (iii) उनका स्वभाव हँसमुख था। (iv) वे निडर और साहसी थे। (v) उनकी वाणी में बादल-सी गर्जना थी। (vii) उनके कार्य करने की गति बहुत तीव्र थी। (viii) वे धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। (ix) उनका हृदय अत्यंत कोमल था। (x) वे एक पक्के देशभक्त एवं बहादुर व्यक्ति थे। (xi) वे अत्यधिक भावुक व्यक्ति भी थे। 

 प्रश्न - 4 निम्नलिखित पंक्तियों में ‘बस’ शब्द के प्रयोग की विशेषताएँ बताओ। मैं मजे में हूँ सही है। घर नहीं हूँ बस यही है। किंतु यह बस, बड़ा बस है, इसी बस से सब विरस है।

 उत्तर - उपरोक्त पंक्तियों में ‘बस’ शब्द चार बार प्रयुक्त हुआ है। पहली बार ‘बस’ का अर्थ है-‘केवल’ अर्थात् ‘छोटी-सी बात’। दूसरी बार ‘बस’ शब्द का उल्लेख केवल पहले ‘बस’ शब्द वर्णन करने के लिए हुआ है। तीसरी बार ‘बस’ शब्द का प्रयोग ‘बहुत बड़े महत्त्व वाला’ हो जाता है। चौथी बार ‘बस’ शब्द ‘बेबसी’ का भाव लिए हुए है अर्थात् सब कुछ होने के बाद भी ‘बस’ प्रियजनों का साथ न होना ही सभी रसों से वंचित कर देता है।इस प्रकार कवि ने एक ही शब्द को विभिन्न स्थितियों में अलग-अलग भाव के साथ प्रयुक्त किया है। 

 प्रश्न -5 कविता की अंतिम 12 पंक्तियों को पढ़कर कल्पना कीजिए कि कवि अपनी किस स्थिति व मनःस्थिति को अपने प्रियजनों से छिपाना चाहता है?

 उत्तर - कविता की अंतिम 12 पंक्तियों में कवि की मनोव्यथा का वर्णन हुआ है। वह जेल में बंद है। उसे सब लोग बेगाने लगते हैं। वह हर आदमी से दूर भागता है। उसे एकांत में रहना अच्छा लगता है। अपने प्रियजनों की स्मृति में खोया रहता है। वास्तव में, कवि जेल की यातना पूर्ण व कष्टदायी स्थितियों से दुःखी है। अतः वह जेल के उस यातना पूर्ण जीवन व अपनी व्यथित मनः स्थिति को अपने प्रियजनों से छिपाना चाहता है अन्यथा वे दुःखी होंगे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

अप्पू के साथ ढाई साल।11thCBSE

RAJASTHAN KI RAJAT BUNDE राजस्थान की रजत बूंदे Class 11

अक्क महादेवी (वचन)Akk Mhadevi e bhukh mat machal